जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर ने प्रदेश सरकार से क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को लेकर महत्वपूर्ण मांगे उठाई हैं। उन्होंने एक शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जोगिंदर नगर, चौंतड़ा और लड़भड़ोल क्षेत्रों में सीबीएसई स्कूल खोले जाएं, ताकि यहाँ के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिल सकें।
जीवन ठाकुर ने कहा कि आज के समय में शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है, और यदि ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध होगी तो प्रतिभाशाली बच्चे शहरों की ओर पलायन करने की बजाय अपने ही क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सीबीएसई पाठ्यक्रम के लिए या तो निजी स्कूलों का रुख करना पड़ता है या फिर दूर-दराज के इलाकों में पढ़ाई के लिए जाना पड़ता है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और जनसंख्या को देखते हुए कम से कम तीन स्थानों जोगिंदर नगर, चौंतड़ा और लड़भड़ोल में सीबीएसई स्कूल स्थापित किए जाएं, जिससे हजारों विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
इस अवसर पर जीवन ठाकुर ने अपने क्षेत्र की सामाजिक संगठनों द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने महिला मंडल टिकरू की सराहना करते हुए बताया कि महिला मंडल की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 11,000 रुपये का चेक भेंट किया गया है, जो समाज सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल है।
जीवन ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र की महिलाएं समाज में परिवर्तन की वाहक बन रही हैं और उनके इस योगदान से प्रदेश के अन्य महिला मंडलों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि ऐसे सामाजिक संगठनों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजनाएँ चलाई जाएं।




