दिवाली पर्व के अवसर पर घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एचआरटीसी जोगिंदर नगर डिपो ने दिल्ली के लिए दो विशेष बस सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय से स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दिवाली के समय दिल्ली से आने वाले यात्रियों की संख्या में हर साल काफी बढ़ोतरी होती है। इस वजह से निगम ने इस बार पहले से ही दो ऑर्डिनरी स्पेशल बसें चलाने का प्रबंध किया है।
उन्होंने बताया कि पहली स्पेशल बस जोगिंदर नगर से शाम 5:30 बजे रवाना होगी, जो वाया मंडी होकर सुबह दिल्ली पहुंचेगी। वहीं दिल्ली से यह बस अगले दिन रात को 8: 54 बजे रवाना होकर सरकाघाट, धर्मपुर, नेरी भडोल, बैजनाथ होते हुए जोगिंदर नगर पहुंचेगी।
विनोद कुमार ने बताया कि दूसरी बस इसी रूट पर 17 अक्टूबर को चलाई जाएगी ताकि दिवाली के दौरान अधिक यात्रियों को समायोजित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यात्रियों की मांग को देखते हुए दिवाली के बाद भी यह सेवा जारी रहेगी, जिससे नियमित रूप से दिल्ली आने-जाने वालों को भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने आगे बताया कि निगम यात्रियों की सुविधा के लिए आगे चंडीगढ़ रूट पर भी विशेष बस सेवाएं शुरू करने की योजना बना रहा है। यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो त्योहारों के सीजन में अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी।




