राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जोगिंदर नगर में नेहरू युवा केंद्र मंडी की टीम प्रद्युमन ब्लॉक समन्वयक और तनिशा के सहयोग से 13 से 16 अक्तूबर 2025 तक चार दिवसीय अंतर सदन खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन संस्थान की प्रधानाचार्या नवीन कुमारी की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. रविंदर कौंडल उपस्थित रहे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. कौंडल ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि खेल-कूद न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया और आयुर्वेद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी प्रशिक्षुओं को अश्वगंधा के पौधे वितरित किए।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में संस्थान के आठ व्यवसायों से गठित छह सदनों डिस्कवरी, हार्मनी, लेगेसी, यूनिटी, स्पिरिट और करेज ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया। महिला वर्ग की कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में डिस्कवरी सदन विजेता रहा, जबकि खो-खो में लेगेसी सदन ने जीत दर्ज की।
पुरुष वर्ग में वॉलीबॉल का खिताब लेगेसी सदन ने जीता, बैडमिंटन में करेज विजेता रहा, खो-खो में लेगेसी और स्पिरिट को संयुक्त स्थान मिला, जबकि कबड्डी में यूनिटी सदन विजयी रहा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में टीम भावना, सहयोग और प्रतिस्पर्धात्मक सोच को बढ़ावा देना था।
खेल प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में अनुदेशक अशोक कुमार, शशि कांत, रमेश चंद नेगी, महेश कुमार, विजय कुमार, रीता खेल अधिकारी, वंदना, सुनीता देवी, लव कुमार, मधु वर्षा, चेतना चौहान, सुमन, रितिका शर्मा और पंकज सहित सभी स्टाफ सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर संस्थान की प्रधानाचार्या नवीन कुमारी ने मुख्य अतिथि डॉ. रविंदर कौंडल का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को खेल-कूद में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल भावना जीवन का अभिन्न हिस्सा है और विद्यार्थियों को इसे अपनाना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए नेहरू युवा केंद्र मंडी की टीम, विशेष रूप से प्रद्युमन और तनिशा का भी हार्दिक धन्यवाद किया।




