Saturday, June 27, 2026
HomeSports10 जनवरी को अमेरिका में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा जोगिंदर नगर का...

10 जनवरी को अमेरिका में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा जोगिंदर नगर का सावन बरवाल

अंकित कुमार।। जिला मंडी के चौतंडा ब्लॉक के ऐहजू क्षेत्र के रड्डा भणखेड़ गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय धावक सावन बरवाल का चयन World Athletics Cross Country Championships के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 10 जनवरी को अमेरिका के Tallahassee में आयोजित की जा रही है।

इस प्रतियोगिता में सावन बरवाल भारत की ओर से गुलबीर सिंह और अभिषेक पाल के साथ तीन सदस्यीय भारतीय स्क्वाड का हिस्सा होंगे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में एशिया मैराथन प्रतियोगिता में इन तीनों धावकों ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था, जबकि सावन बरवाल ने व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया था।

26 वर्षीय सावन बरवाल, कुलदीप बरवाल एवं माता सोभद्रा देवी के पुत्र हैं। उनकी प्रतिभा को प्रारंभिक दौर में एथलेटिक्स प्रशिक्षक गोपाल बरवाल ने पाईका खेलों के दौरान पहचाना और उन्हें विधिवत प्रशिक्षण देना शुरू किया। प्रशिक्षक गोपाल बरवाल के मार्गदर्शन में 5 से 7 वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद सावन ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

हाल ही में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सावन बरवाल को परिवार सहित 26 जनवरी 2026 को ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में आमंत्रित किया गया है, जो उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

प्रशिक्षक गोपाल बरवाल का कहना है कि मैदान में ईमानदारी, अनुशासन और जुनून के साथ की गई मेहनत ही खिलाड़ी को ऊंचाइयों तक ले जाती है और इससे माता-पिता, प्रदेश व देश का मान-सम्मान बढ़ता है।

सावन बरवाल की इस उपलब्धि से रड्डा भणखेड़ गांव में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के युवा उन्हें अपना रोल मॉडल मानते हुए खेलों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। गांव के कई युवा खिलाड़ी पिछले दो वर्षों से बिलासपुर में प्रशिक्षक गोपाल बरवाल के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं।

वर्तमान में प्रशिक्षक गोपाल बरवाल खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर में हेड कोच के रूप में कार्यरत हैं और मिशन ओलंपिक 2036 तथा कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 के लिए प्रतिभाशाली धावकों की नर्सरी तैयार कर रहे हैं।

सावन बरवाल इस समय तमिलनाडु में अभ्यासरत हैं और वर्ष 2026 में होने वाले एशियन गेम्स की तैयारी में जुटे हुए हैं।

जोगिंदर नगर के विधायक प्रकाश राणा, कांग्रेस के पूर्व महासचिव जीवन ठाकुर तथा जिला परिषद सदस्य एवं सावन के सहपाठी विजय भाटिया सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सावन बरवाल को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments