अंकित कुमार।। जिला मजिस्ट्रेट मंडी द्वारा जारी अधिसूचना के बाद जोगिंदर नगर के मंदिर रोड़ की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव कर दिया गया है। जोगिंदर नगर के मंदिर रोड़ को अब हल्के वाहनों के लिए वन-वे घोषित किया गया है। प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और पुराने मेला ग्राउंड क्षेत्र में ट्रैफिक सुचारू रखने के उद्देश्य से इसे स्थायी रूप से लागू किया है।
अब से मंदिर रोड़ में मंडी-पठानकोट नैशनल हाईवे से जोगिंदर नगर-सरकाघाट रोड की ओर हल्के वाहनों को एक-तरफ़ा प्रवेश दिया गया है। वहीं, सरकाघाट रोड से आने वाले चार पहिया वाहनों को सिर्फ पुराने मेला ग्राउंड तक पार्किंग के उद्देश्य से प्रवेश की अनुमति होगी। इसके आगे वाहनों को जाने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा दोपहिया वाहनों के लिए यह बदलाव लागू नहीं होंगे। दोपहिया वाहन दोनों दिशाओं में आ-जा सकते हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया जाएगा। थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने सभी वाहन चालकों से वन-वे नियमों का पालन करने और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की है।




