जोगिंदर नगर की ग्राम पंचायत लाँगना के प्रेण गाँव के निवासी देशराज राणा अब हिमाचल प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर अपनी सेवाएं देंगे। 16 अगस्त 1996 को कांस्टेबल के रूप में सेवा शुरू करने वाले देशराज ने 29 वर्षों की समर्पित सेवा के बाद 10 अक्टूबर 2025 को सब इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति प्राप्त की।
देशराज ने 2003 में विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण कर 2006 में हेड कांस्टेबल बने और 2021 में सहायक उप-निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने विभिन्न पुलिस स्टेशनों, जनजातीय क्षेत्रों, और SV&ACB कुल्लू में उत्कृष्ट कार्य किया। 2009 से 2013 तक 3rd IRBn पंडोह में सिम्युलेटर फायरिंग प्रशिक्षण में भी योगदान दिया। 1998 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री की मनाली यात्रा के दौरान उन्हें CC क्लास-II प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया।
32 प्रशंसा प्रमाणपत्रों से सम्मानित देशराज ने रक्तदान और वीवीआईपी ड्यूटी सहित कई क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किया। एसएसपी कांगड़ा के स्टेनो/पीए के रूप में भी उन्होंने वीआईपी दौरे के लिए समन्वय और योजना में उत्कृष्टता दिखाई। उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय समुदाय और परिवार में खुशी की लहर है, और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




