अंकित कुमार।। जोगिंदर नगर का उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह इस वर्ष भी पुराने मेला मैदान जोगिंदर नगर में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया जाएगा। समारोह के दौरान एसडीएम द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी एवं एनएसएस की टुकड़ियों द्वारा भव्य मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
समारोह के सफल आयोजन को लेकर आज एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ गैर सरकारी संस्थाओं एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर एसडीएम मनीश चौधरी ने कहा कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस समारोह को पूरे उत्साह एवं गरिमा के साथ पुराने मेला मैदान, जोगिंदर नगर में मनाया जाएगा। उन्होंने इस राष्ट्रीय पर्व को समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से पूरे उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया।
उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले शिक्षण संस्थानों को देशभक्ति एवं लोक नृत्य आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत करने पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिक्षण संस्थान से केवल एक ही सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल किया जाएगा। प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रमों की अग्रिम सूचना एसडीएम कार्यालय को 22 जनवरी तक उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि परेड की तैयारी स्थानीय पुलिस विभाग द्वारा करवाई जाएगी। साथ ही समारोह के सफल आयोजन हेतु सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने नगर परिषद को समारोह स्थल पर समुचित साफ-सफाई एवं बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, जबकि बिजली बोर्ड को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जल शक्ति विभाग, पुलिस तथा अन्य सभी संबंधित विभागों को भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से समारोह में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आयोजन को और अधिक प्रभावी एवं आकर्षक बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए।
बैठक में तहसीलदार जोगिंदर नगर रजत सेठी, प्रधानाचार्य राजकीय महाविद्यालय जोगिंदर नगर दीपक मोहन, प्रधानाचार्य आईटीआई नवीन कुमारी, नायब तहसीलदार मकरीड़ी विनय राशपा, नायब तहसीलदार जागृति राठौर, एसएचओ जोगिंदर नगर सकीनी कपूर, व्यापार मंडल अध्यक्ष भास्कर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




