अंकित कुमार।। लड-भड़ोल क्षेत्र की पंचायत खद्दर के गांव मंगडोल से संबंध रखने वाले आयुष जम्वाल का लोकप्रिय रियलिटी शो स्प्लिट्सविला सीजन-16 के लिए चयन होने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनके चयन को लेकर क्षेत्रवासियों में गर्व और उत्साह देखा जा रहा है।
आयुष जम्वाल इससे पहले अंडर-19 स्तर पर क्रिकेट में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश की क्रिकेट टीम के लिए खेल रहे हैं। कम उम्र में खेल जगत में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

अब मनोरंजन जगत के इस बड़े मंच पर कदम रखते हुए आयुष ने एक नई पहचान बनाने की ओर कदम बढ़ाया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आयुष आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं, जिन्होंने मेहनत और लगन के बल पर लगातार सफलता हासिल की है।
क्षेत्र के लोगों ने ईश्वर से कामना की है कि आयुष जम्वाल स्प्लिट्सविला के इस नए सफर में भी शानदार प्रदर्शन करें और सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएं। पूरे क्षेत्र की शुभकामनाएं उनके साथ हैं।




