अंकित कुमार। भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने राहत सामग्री वितरित की। जोगिंदर नगर के मच्छयाल और नेरी क्षेत्रों में 120 परिवारों को आश्रय हेतु तिरपाल, पारिवारिक सामान, स्वास्थ्य व स्वच्छता किट और पेयजल की सुविधाओं से जुड़ा सामान दिया गया। यह सहायता सामाजिक संस्था एमिकेयर इंडिया, मुंबई के सहयोग से उपलब्ध कराई गई।
राहत वितरण कार्यक्रम का समन्वय जिला परिषद सदस्य सदस्य कुशाल भारद्वाज ने किया। कुशाल भारद्वाज ने एमिकेयर इंडिया और हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में इस सहायता से प्रभावित परिवारों की थोड़ी मदद होगी।
एमिकेयर इंडिया, मुंबई के प्रतिनिधि अभिजीत हुले ने बताया कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के चलते संस्था मानवीय सहयोग के लिए आगे आई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संस्था पुनर्निर्माण के कार्यों में स्थानीय लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
ज्ञान विज्ञान समिति के पूर्व अध्यक्ष जोगिंदर वालिया ने कहा कि समिति लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और अवैज्ञानिक विकास के कारण प्रदेश की जनता भारी कठिनाइयों से गुजर रही है और समिति ऐसे समय में आपदा प्रभावितों की मदद को अपना नैतिक कर्तव्य मानती है।
राहत वितरण कार्यक्रम में सुरेश सरवाल, मुनीश शर्मा, राजमल, तिलक ज्ञान चंद, संजय, बीएस राणा, अनुराधा सहित कई स्वयंसेवक और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।